रायगढ़

अवैध पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मजदूर की मौत
13-Apr-2026 3:03 PM
अवैध पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मजदूर की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 अप्रैल। धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम जमरगी डी के जंगल से पत्थर ढोकर लौट रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर  ट्रॉली में जंगल से अवैध रूप से लाए गए भारी-भरकम पत्थर लदे हुए थे।

मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह धरमजयगढ़ क्षेत्र के रामपुर से जमरगी मार्ग के खतरनाक घाट में उतरते समय, एक तीखे मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा। और देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया और उस पर सवार मजदूर उसके नीचे दब गया। और वहीं चीख-पुकार के बीच जब तक लोग उसे निकाल पाते तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों ने तत्काल धरमजयगढ़ थाना में सूचना दी, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई। मृतक का नाम रामप्रसाद विश्वकर्मा उम्र लगभग 55 ग्राम पंचायत जबगा गांव का निवासी बताया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और इस पूरे प्रकरण में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन और वन विभाग द्वारा मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट