रायगढ़
रायगढ़, 12 अप्रैल। रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सडक़ हादसों में एसईसीएल के असिस्टेंट मैनेजर सहित एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, बरौद कॉलरी में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर मुकेश कुमार पटेल अपने सहकर्मी दिनेश कुमार कश्यप के साथ मोटरसाइकिल से घरघोड़ा लौट रहे थे।
दोनों हाल ही में बिलासपुर में प्रशिक्षण लेकर वापस लौटे थे। जैसे ही वे पूंजीपथरा के पास प्रदीप ढाबा के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस हादसे में मुकेश कुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिनेश कुमार कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना तमनार थाना क्षेत्र की है। यहां झारखंड निवासी ओमप्रकाश मेहता, जो एक ट्रेलर चालक थे, डोगामौहा स्थित जेपीएल कंपनी परिसर में अपने वाहन के पास जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रेलर ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर चोटों के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


