रायगढ़
रायगढ़, 12 अप्रैल। रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने पुसौर और कोतरारोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर महुआ पास नष्ट किया गया, भट्टी ध्वस्त की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना साइबर की टीम ने ग्राम धनागर में मुखबिर सूचना पर रेड कार्रवाई की। मौके पर शराब बनाने वाले तो नहीं मिले, लेकिन करीब 50 डिब्बों में भरा महुआ पास बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसी क्रम में ग्राम छपोरा में पुसौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बनाने की भट्टी को ध्वस्त किया। मौके पर मिले आसवन उपकरणों को भी नष्ट किया गया। पुलिस ने ग्राम बाघाडोला में छापेमारी कर आरोपी कंदर्प चौहान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 12 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।


