रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़,12 अप्रैल। रायगढ़ जिले में एक घर में दो दिन पहले जहां पूरा परिवार शादी की खुशियां मना रहा था और नई नवेली दुल्हन का स्वागत करते हुए नये सपने संजो रहे थे। अचानक कल शाम उस घर में मातम पसर गया।
दरअसल, अपनी शादी का टेंट सामान छोडऩे जाते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से दूल्हे की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। जिनका अभी भी अस्पताल में इलाज जारी है। मामला रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र का है।
रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ठाकुरपोड़ी निवासी भोलाराम सिदार ने बताया कि उसका भतीजा गौरेला पेंड्रा जिले में बिजली विभाग में कम्प्यूटर ऑपरेटर का काम करते आ रहा था। 5 अपै्रल को घर में शादी शुरू हुई थी और 9 अपै्रल को शादी की पार्टी थी। जिसके लिए बगल गांव से टेंट का सामान लाया गया था।
परिजनों ने बताया कि 10 अपै्रल की शाम 5 बजे देवांगन सिदार अपने चाचा संजय सिदार की ट्रैक्टर-ट्रॉली सीजी 13 डी 5379 में टेंट का सामान लोड करके अपने तीन अन्य साथियों सीमोन एक्का, सुशील एक्का के अलावा द्ववारिका सिदार के साथ सामान छोडऩे जा रहा था। देवांगन सिदार जब सतीपारा सरपंच घर के पास पहुंचा ही था कि अचानक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा जिससे ट्रैक्टर उसी के उपर पलट गई।
इस घटना में चालक देवांगन सिदार ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन तत्काल पत्थलगांव शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे रायपुर रिफर कर दिया। इस बीच देवांगन सिदार को रायपुर ले जाते समय रात करीब 11 बजे नंदन झरिया के पास उसकी मौत हो गई। वहीं इस घटना में तीन अन्य लोगों को चोट आई है।
घर में पसरा सन्नाटा
जिस घर में दो दिन पहले शहनाई बज रही थी और मेहंदी और गहने से सजी दुल्हन ने कदम रखा था और उसकी खुशियां पूरी भी नही हो पाई थी कि अचानक दुल्हन लेकर आने वाला दुल्हा इस दुनिया को अलविदा कह गया जिसके कारण घर के लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है, वहीं शोक में डूबी नई नवेली दुल्हन का भी रो-रोकर बुरा हाल है।


