रायगढ़
रायगढ़, 10 अप्रैल। लकड़ी लेने जंगल गए बुजुर्ग को अज्ञात वाहन के चालक ने जोरदार ठोकर मार दी। बुजुर्ग की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सराईपाली पूर्व का रहने वाला लक्ष्मण राठिया 62 साल, बीती शाम 4 बजे के आसपास अपने सायकल में सवार होकर लकड़ी लेने सपनई जंगल गया हुआ था। जो कई घंटे बीत जाने के बावजूद अपने घर नहीं लौटे।
बताया जा रहा है कि गांव के ही रहने वाले एक शख्स ने सपनई जंगल के कच्ची सडक़ में बुजुर्ग को गंभीर हालत में देखकर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिये मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया, जहां मौके पर मौजूद चिकित्सको ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
बहरहाल, दोपहर मृतक के शव का पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंपते हुए चक्रधर नगर पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए उसकी पतासाजी में जुट गई है।


