रायगढ़

छेड़छाड़, चार फरार आरोपी गिरफ्तार
10-Apr-2026 4:06 PM
छेड़छाड़, चार फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़ , 10 अप्रैल। महिला थाना रायगढ़ की टीम द्वारा ऑपरेशन तलाश के तहत युवती से छेडख़ानी के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इससे पूर्व इसी मामले में एक आरोपी नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को एक युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 09 फरवरी की रात करीब 11 बजे वह अपनी ममेरी बहन के साथ कार से रायगढ़ दवाई लेने जा रही थी। चांदमारी रोड पर कार रोककर दोनों आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं, तभी पीछे से एक नीले रंग की कार में सवार पांच युवक पहुंचे और अशोभनीय टिप्पणियां करते हुए गंदे इशारे करने लगे। युवतियां वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए रियापारा तिराहा चौक के पास उनकी कार को ओवरटेक कर सामने गाड़ी अड़ा दिए और एक युवक कार से उतरकर अश्लील हरकत करते हुए अपना नाम प्रदीप पटेल बताया, जबकि उसके अन्य साथी भी लगातार अभद्र टिप्पणी करते रहे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना में धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।  मुखबिर सूचना पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी प्रदीप पटेल, राहुल गुप्ता, कमलेश यादव एवं संगम कुमार को हिरासत में लिया।

पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट