रायगढ़

महिला आरक्षण: केंद्र सरकार पर कांग्रेस ने बोला हमला
21-Apr-2026 7:39 PM
महिला आरक्षण: केंद्र सरकार पर कांग्रेस ने बोला हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददात

रायगढ़, 21 अप्रैल। महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी और शहर अध्यक्ष शाखा यादव उपस्थित रहे।

नगेन्द्र नेगी ने कहा कि महिलाएं यह समझ रही हैं कि कौन उनके सम्मान की बात करता है और कौन उसे ठेस पहुंचाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं के संदर्भ में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे उनके आत्मसम्मान पर असर पड़ता है। उन्होंने कुछ राजनीतिक बयानों का उल्लेख करते हुए इसे महिला विरोधी मानसिकता से जोड़ा।

शाखा यादव ने कहा कि जिन पर पहले से महिला उत्पीडऩ और विवादों के आरोप लगे हैं, वे महिला सशक्तिकरण की बात कर रहे हैं। उन्होंने प्रज्ज्वल रेवन्ना से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण जैसे विषय के साथ अन्य प्रक्रियाओं को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस ने अपने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने के कई उदाहरण पार्टी से जुड़े हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ दलों में शीर्ष स्तर पर महिलाओं की भागीदारी कम है।

महिला आरक्षण के संबंध में कांग्रेस ने कहा कि 543 लोकसभा सीटों पर इसे लागू किया जाए। पार्टी ने कहा कि इस विषय पर विपक्ष समर्थन करेगा। साथ ही आरोप लगाया कि परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं के माध्यम से राजनीतिक संरचना में बदलाव का प्रयास हो रहा है। प्रेस वार्ता में हाथरस, उन्नाव और मणिपुर की घटनाओं तथा महिला पहलवानों के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए गए।

अंत में कांग्रेस ने कहा कि यदि महिलाओं के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता है, तो 2023 के महिला आरक्षण विधेयक को लागू किया जाए।


अन्य पोस्ट