रायगढ़

अवैध कबाड़ जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार
08-Apr-2026 8:34 PM
अवैध कबाड़ जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 8 अप्रैल। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस की कार्रवाई जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने अवैध कबाड़ के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में स्क्रैप जब्त किया है।

ऑटो में कबाड़ परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार

थाना प्रभारी नसिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ऑटो वाहन में अवैध कबाड़ लेकर खरसिया की ओर जा रहा है। पुलिस ने ग्राम चंद्रशेखरपुर ऐडू बरभौना चौक के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।

पूछताछ में आरोपी की पहचान चंचल राय बिहार, वर्तमान पता चंद्रशेखरपुर ऐडू के रूप में हुई। तलाशी में वाहन से लगभग 2 क्विंटल लोहे, टीना और स्क्रैप बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर कबाड़ जब्त कर कार्रवाई की गई।

खेदापाली में अवैध कबाड़ डंप करने पर कार्रवाई

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को ग्राम लात खेदापाली में अवैध रूप से कबाड़ डंप किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने अजीजुल हक को कबाड़ के पास पाया।

आरोपी से जब्त किए गए लगभग 2 क्विंटल स्क्रैप के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। चोरी की आशंका के चलते करीब 20 हजार रुपये मूल्य का कबाड़ जब्त किया गया।

दोनों मामलों में थाना छाल में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट