रायगढ़

महिला से गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
07-Apr-2026 4:43 PM
महिला से गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 7 अप्रैल।  कोतरारोड पुलिस ने महिला से गैंगरेप के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं एक आरोपी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीडि़ता अपने पति के साथ कोतरारोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। पीडि़ता ने 5 अप्रैल को घटना के संबंध में थाना कोतरारोड में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए महिला पुलिस अधिकारी को बताई कि 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड दुकान सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान ऑटो में पहुंचे आरोपी मुन्ना गिरी और उसके साथी महिला को अकेला समझकर जबरन सडक़ किनारे स्थित दुकान के अंदर ले जाने लगे।

महिला के पति द्वारा विरोध करने पर आरोपी दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने उसे पकडक़र मारपीट की। इसके बाद आरोपी मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ रेप किया। पीडि़ता की लिखित शिकायत पर थाना कोतरारोड में पांच आरोपियों के विरुद्ध धारा 70(1), 115 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी कोतरारोड अजय नागवंशी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में कोतरारोड पुलिस टीम ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना गिरी (27), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23), जागेश्वर पटेल (32) तथा पिंटू निषाद  (23) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।

 आरोपी पिंटू निषाद से घटना में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी योगेश सिदार की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट