रायगढ़

निगम की बजट बैठक, नेता प्रतिपक्ष ने योजना व क्रियान्वयन में भारी अंतर का लगाया आरोप
31-Mar-2026 7:08 PM
निगम की बजट बैठक, नेता प्रतिपक्ष ने योजना व क्रियान्वयन में भारी अंतर का लगाया आरोप

  साइकिल से आए महापौर, 22 करोड़ की बचत के साथ 480 करोड़ से अधिक का बजट  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 31 मार्च। बजट को लेकर निगम के सभाकक्ष में बुलाये गए विशेष सम्मेलन में सोमवार को अपनो ने ही शहर सरकार को घेरने का प्रयास किया, वहीं विपक्ष की ओर से कथित विकास की ईबारत को लेकर कार्यप्रणाली और क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल उठाये गए। 

 रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान ने सोमवार को साइकिल से निगम कार्यालय पहुंचकर बजट पेश किया। प्रस्तुत बजट के अनुसार निगम की कुल आय 480 करोड़ 36 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि कुल व्यय 458 करोड़ 11 लाख 79 हजार रुपए प्रस्तावित है। इस प्रकार निगम ने 22 करोड़ 24 लाख 21 हजार रुपए की बचत का लक्ष्य निर्धारित किया है।

बजट को लेकर निगम के सभाकक्ष में बुलाये गए विशेष सम्मेलन में महापौर के अभिभाषण के बाद बजट की विभिन्न बिंदुओं का पठन किया गया। बजट पर पठन पश्चात इस पर चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया ने ऑक्सीजोन की जगह मल्टीलेबल पार्किंग पूरे शहर में एक भी नहीं होने, सौंदर्यीकरण के लिए चिन्हांकित शहर के 70 तालाबों में कई तालाबों का नाम दो-दो बार उल्लेख करने, पुराने सारंगढ़ बस स्टैण्ड का कायाकल्प अब तक नही होने, संडे मार्केट को फुटकर व्यापारियों को विस्थापित किये बिना जबरन हटाने, शासन की गौ धाम योजना को जल्द शुरू करने, शहर में डॉग हाउस की योजना को जल्द से जल्द लागू करने तथा बजट बनाने से पूर्व पार्षदों, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों से भी राय लेने की बात कही।

उन्होंने अपने वार्ड में स्थित गणेश तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख तथा जयसिंह तालाब के सौंदर्यीकरण के लिये 7 लाख रूपये का प्रावधान करने की मांग रखी।

 चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए मेयर जीवर्धन चौहान ने शहर के चार प्रमुख स्थलों पर खेल मैदान का काम प्रगति पर होने, फोरलेन सडक़ के लिये सर्वे का काम चलने तथा डॉग हाउस निर्माण के लिए एंजेसी तय करने की जानकारी दी। इस दौरान वार्ड नं. 3 रामभांठा क्षेत्र के पार्षद राजू टोप्पो ने अपने वार्ड रामभांठा क्षेत्र में संजय मैदान की उपेक्षा का भी आरोप लगाते हुए इस मैदान को रायगढ़ का विकसित और उन्नत मैदान बनाने के लिये मांग रखी। उनका आरोप था कि शहर के चुनिंदा और खासकर स्टेडियम आदि को सुधारा संवारा जा रहा है। मगर पिछड़े क्षेत्र संजय मैदान के लिये कुछ काम ही नही हो पा रहा है।

बजट को लेकर विशेष सम्मेलन की खासियत यह रही कि बजट पर चर्चा के दौरान अतरमुड़ा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा पार्षद आशीष ताम्रकार ने शहर तथा अपने वार्ड के विकास को लेकर अपनी ही शहर सरकार को न केवल घेरा बल्कि राशि स्वीकृत करने, तालाबों के रख रखाव और विकास तथा तालाबों के सौंदर्यीकरण में प्राथमिकता को लेकर निगम प्रशासन और तकनीकी अधिकारियों को न केवल कटघरे में खडा किया बल्कि उन्हें अपने सवाल से निरूत्तर भी कर दिया। उन्होंने शहर के कुछ पार्षदों के साथ विकास को लेकर पक्षपात करने का भी गंभीर आरोप लगाते हुए महापौर और सभापति को इस मामले में संज्ञान लेने की बात कही। इसी तरह कुछ वरिष्ठ पार्षदों का भी आरोप है कि निगम के अधिकारी उन्हें बैठने तक के लिये नही कहते, यह व्यवस्था अगर अपनी ही शहर सरकार में जनप्रतिनिधियों को भुगतना पड़ रहा है तो आश्चर्य की बात है।

श्री ताम्रकार ने अपने क्षेत्र के वार्ड क्र. 26-27 के अंतर्गत आने वाले अतरमुड़ा तालाब के सौदर्यीकरण के लिये 80 लाख रूपये का प्रावधान करने, जर्जर अंबेडकर आवास के लिये 30 लाख रूपये का प्रावधान करने तथा मांगलिक भवन के लिये 20 लाख रूपये का प्रावधान करने के साथ-साथ अतरमुड़ा तालाब का सौदर्यीकरण प्राथमिकता के आधार पर तेरवेंक्रम में रखने की भी मांग उठाई। जबकि नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया ने कई कामों का स्टीमेट बनाने में देरी और काम प्रारंभ करने में अनावश्यक विलंब का आरोप लगाते हुए निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाये।

कुल 22 करोड़ 24 लाख के बचत का बजट पेश

राजस्व मद में 92 करोड़ 74 लाख रुपए की आय तथा 85 करोड़ 49 लाख 74 हजार रुपए का व्यय प्रस्तावित है। वहीं पूंजीगत मद में 387 करोड़ 62 लाख रुपए की प्राप्तियां एवं 372 करोड़ 62 लाख 5 हजार रुपए का व्यय निर्धारित किया गया है। सम्मेलन में पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधिगण द्वारा किए गए निगम के बजट से संबंधित किए गए प्रश्न एवं जिज्ञासा को शांत करने कमिश्नर  बृजेश सिंह क्षत्रिय ने विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व सभापति   डिग्री लाल साहू के अनुमति से निगम सचिव आर एन पटेल द्वारा  परिषद की विशेष सम्मेलन में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। परिषद की विशेष सम्मेलन में एमआईसी सदस्यगण, पाषर्दगण, जनप्रतिनिधिगण, उपायुक्त सुतीक्षण यादव, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया, निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

संपत्तिकर दर यथावत रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

विशेष सम्मेलन के द्वितीय प्रस्ताव के रूप में संपत्ति कर को यथावत रखने संबंधित एजेंडा रखा गया। इसमें बताया गया कि वर्ष 2018-19 से लेकर 2025-26 तक कलेक्टर गाइडलाइन दरों में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं हुई है। साथ ही, छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 133 के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा संपत्तिकर में वृद्धि किए जाने संबंधी कोई आदेश भी प्राप्त नहीं हुआ है। एजेंडा को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

पिछले वर्ष के कार्यों का उल्लेख

बजट अभिभाषण में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित अधिकांश विकास कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं एवं कुछ के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। पिछले वर्ष सडक़ों, नालियों, पुल-पुलिया निर्माण, जलमार्ग, पानी टंकी, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण एवं खेल मैदानों के विकास जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं।

डिजिटल सुविधा की पहल

नागरिकों की सुविधा हेतु जोहार रायगढ़ चौट बोट ऐप प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी समस्याएं एवं सुझाव भेजकर उनका निराकरण की सुविधा ले सकते हैं।

वर्ष 2026-27 के प्रमुख प्रस्तावित कार्य

आगामी बजट में शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं, जिनमें बालसमुंद तालाब का उन्नयन एवं विकास, कोसाबाड़ी केंद्र से ऑक्सीजोन निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में 10 सडक़ों का निर्माण, डिवाइडर, नाली, फुटपाथ एवं चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, कबीर चौक सहित प्रमुख मार्गों का उन्नयन एवं विकास, चांदनी चौक से राजा महल होते हुए सर्किट हाउस तक सडक़ उन्नयन, पाइपलाइन, लाइटिंग एवं गार्डन कार्य, बड़े रामपुर में खेल मैदान का विकास, संजय मार्केट का निर्माण एवं उन्नयन, रामलीला मैदान में मंच एवं पवेलियन निर्माण, भुजबंधान तालाब का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, केवड़ाबाड़ी में मरीन ड्राइव नाला चौनलाइजेशन, रायगढ़ स्टेडियम में हाईमास्ट लाइट,अमलीभौना में ट्रक पार्किंग एवं सर्विस एरिया निर्माण शामिल है।

स्वच्छ व सुविधायुक्त विकसित शहर की ओर अग्रसर होता रायगढ़- महापौर चौहान

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि यह बजट शहर के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य रायगढ़ को एक आधुनिक, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करना है। इस बजट में नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं सडक़, पानी, प्रकाश एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है  साथ ही डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देते हुए जोहार रायगढ़ ऐप के माध्यम से नागरिकों को सीधे जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाएगा।

बजट में शहर के सर्वांगीण विकास के कार्यों के लिए पर्याप्त प्रावधान - सभापति

सभापति डिग्री लाल साहू ने बजट को संतुलित एवं जनहितैषी बताते हुए कहा कि नगर निगम का यह बजट आय-व्यय के संतुलन के साथ तैयार किया गया है, जिसमें शहर के सर्वांगीण विकास कार्यों के लिए पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। परिषद की मंशा है कि प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य हों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें। बजट में पार्षदों के सुझावों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। शहर सरकार इस बजट को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अंत में निगम द्वारा प्रस्तुत बजट को सदन के समक्ष रखा गया तथा लेखाधिकारी को वित्तीय आंकड़ों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने हेतु अधिकृत किया गया।


अन्य पोस्ट