रायगढ़

ऑपरेशन आघात के दो माह पूरे, साढ़े 4 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, 394 आरोपी गिरफ्तार
30-Mar-2026 4:57 PM
ऑपरेशन आघात के दो माह पूरे, साढ़े 4 करोड़  के मादक पदार्थ जब्त, 394 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

रायगढ़, 30 मार्च । रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के दो माह पूरे होने पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस अवधि में अवैध शराब, गांजा और अफीम के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 394 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा 26 जनवरी को पदभार ग्रहण करने के बाद जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 26 जनवरी से 26 मार्च तक पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार कार्रवाई की गई।

 अवैध शराब पर कड़ी कार्रवाई

अभियान के दौरान 357 प्रकरण दर्ज कर 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी एवं महुआ शराब जब्त की गई। इनमें 139 प्रकरणों में 149 आरोपियों को अजमानती धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। विशेष रूप से 2612 लीटर महुआ शराब जब्त कर सीमावर्ती क्षेत्रों से हो रही तस्करी पर अंकुश लगाया गया।

 गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रहार

उड़ीसा मार्ग से संचालित गांजा तस्करी पर कार्रवाई करते हुए 16 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 100 किलो से अधिक गांजा, जिसकी कीमत लगभग 25.50 लाख रुपये है, जब्त किया गया।

 अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़

तमनार और लैलूंगा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में 2963 किलो अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 18 लाख रुपये है।

 

 वाहन भी जब्त

मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त 24 वाहनों (21 दुपहिया और 3 चार पहिया) को भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस का संदेश

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट