रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 मार्च। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मार्च को स्थानीय युवती (29 ) द्वारा महिला थाना रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू निवासी सरिया से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढऩे के बाद आरोपी ने विश्वास में लेकर 20 अक्टूबर 2025 को युवती के घर पहुंचकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे डरी सहमी युवती ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। इसके बाद नवंबर 2025 में आरोपी युवती को रायपुर अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां भी उसने दो दिनों तक उसके साथ रेप किया।
युवती द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और अंतत: 05 मार्च को सरिया बुलाकर बाजार चौक में मिलने के बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। घटना से आहत युवती ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना महिला रायगढ़ में धारा 351(3), 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज उर्फ सूर्यकांत साहू को कल ही उसके निवास से हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पोको मोबाइल फोन जप्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


