रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 12 मई। पूंजीपथरा पुलिस ने नाबालिग से रेप की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक संदीप बंजारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश कर जेल भेजा है।
घटना के संबंध में बालिका ने 09 मई को अपने परिजनों के साथ थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि माह दिसंबर 2025 में स्कूल की छुट्टी होने पर वह अपने माता-पिता के पास पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के एक प्लांट की लेबर कॉलोनी में आई थी। उसी दौरान मकान के बगल में रहने वाले संदीप बंजारे से उसका परिचय हुआ। आरोपी ने शादी का झांसा देकर 26 फरवरी की दोपहर अपने कमरे में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी कई बार बालिका को डरा-धमकाकर और किसी को नहीं बताने की बात कहकर उसका शोषण करता रहा। बालिका ने बताया कि माता-पिता के नहीं रहने पर आरोपी उसे अपने कमरे में ले जाकर, उसके नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद, जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा।
08 मई को आरोपी ने कंपनी के नए लेबर क्वार्टर में मिलने के लिए बुलाया था और शादी करने के बहाने बाहर चलने की बात कर रहा था। इसी दौरान परिजन खोजते हुए वहां पहुंचे और दोनों को देख लिया। बालिका की लिखित शिकायत पर धारा 64(1) बी.एन.एस. एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अपराध की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा एवं स्टाफ द्वारा तत्काल आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया गया। आरोपी संदीप बंजारे, (22) ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


