रायगढ़

14 टन कबाड़ जब्त
11-May-2026 5:33 PM
14 टन कबाड़ जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 मई।
 ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तमनार चौक पर नाकेबंदी कर अवैध कबाड़ लोड चार वाहनों को पकड़ा है। कार्रवाई में कुल 14 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 23 हजार 800 रुपये है। साथ ही चारों वाहनों समेत कुल 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

मामले में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा 09 मई को तमनार चौक पर सघन नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि धरमजयगढ़-घरघोड़ा क्षेत्र से अलग-अलग वाहनों में कबाड़ लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चारों वाहनों को रोककर जांच की, जिसमें भारी मात्रा में कबाड़ सामग्री लोड मिली।
ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमआर 2867 को रोककर जांच की गई, जिसे चालक पुरूषोत्तम यादव चला रहा था। वाहन में करीब 03 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ लोड मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 800 रुपये है। माजदा छ: चक्का वाहन क्रमांक सीजी 14 एमडी 7161 को चालक दीपक राम मांझी चला रहा था। वाहन में करीब 04 टन कबाड़ लोड मिला, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है। माजदा वाहन क्रमांक सीजी 04 जेडी 7747 की जांच में चालक पुनवा राम नौरंग मिला, जिसके वाहन में करीब 03 टन लोहा एवं टीना कबाड़ पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये है। माजदा वाहन क्रमांक सीजी 11 बीएम 6416 को चालक किशना सतनामी चला रहा था। वाहन में करीब 04 टन कबाड़ लोड मिला, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है।

चारों वाहन चालकों से कबाड़ परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक संतोषप्रद जवाब अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
 चोरी अथवा संदिग्ध संपत्ति होने के संदेह पर सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में पृथक कार्रवाई करते हुए धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार किया गया साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट