रायगढ़

ढाई किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
21-Mar-2026 8:16 PM
ढाई किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 21 मार्च। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन पर जिले में ऑपरेशन आघात के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में  19 मार्च को थाना जूटमिल पुलिस द्वारा गोगा मंदिर चौक पर नाकेबंदी कर गांजा परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी  कि एक व्यक्ति काले रंग की बिना नंबर प्लेट की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल से ओडिशा की ओर से गांजा लेकर बिक्री हेतु जूटमिल क्षेत्र आ रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जूटमिल पुलिस टीम द्वारा गोगा मंदिर चौक पर नाकेबंदी की गई। नाकेबंदी के दौरान गुलाबी टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम शिव कुमार प्रजापति (32) निवासी गोरा गांव वार्ड क्रमांक 19 थाना मरपाटन जिला सतना (मध्यप्रदेश) का होना बताया।

तलाशी लेने पर आरोपी के मोटरसाइकिल के हैंडल में लटके प्लास्टिक थैले के भीतर 2 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी से गांजा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर थाना जूटमिल में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट