रायगढ़

सडक़ निर्माण की मांग पर ग्रामीणों का चक्काजाम
06-Mar-2026 9:09 PM
सडक़ निर्माण की मांग पर ग्रामीणों का चक्काजाम

भारी वाहनों की लगी लंबी कतार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 मार्च।
रायगढ़ जिले में सडक़ निर्माण की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने एक बार फिर से सडक़ में उतरकर चक्काजाम शुरू कर दिया है। जिससे सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों गेरवानी सराईपाली के ग्रामीणों ने घरघोड़ा एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बताया था कि उनके क्षेत्र की सडक़ एक लंबे अर्से से अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली छात्रों के अलावा ग्रामीणों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गांव के ग्रामीणों ने यह भी कहा था कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनी सडक़ों में रोजाना भारी वाहन चलने के कारण यहां की सडक़ पूरी तरह खराब हो चुकी है। सडक़ निर्माण की मांग को कई बार आंदोलन करने के बावजूद आज तलक उनके क्षेत्र की सडक का निर्माण नही हो सका है।
घरघोड़ा एसडीएम के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में ग्रामीणों ने यह भी कहा था कि गेरवानी - सराईपाली मार्ग का 17 दिवस के भीतर निर्माण कार्य शुरू नही होता है उनके द्वारा फिर से आंदोलन का रूख अख्तियार किया जाएगा। इसी के तहत सुबह 10 बजे से गांव के ग्रामीण सडक़ में उतरकर आंदोलन का आगाज कर चुके हैं। ग्रामीणों के इस चक्काजाम से सडक़ के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।


अन्य पोस्ट