रायगढ़
बेटे ने की निष्पक्ष जांच की मांग
रायगढ़, 21 फरवरी। विगत 4 फरवरी को जूटमिल थानांतर्गत ग्राम भाठनपाली के सोयाबीन फैक्ट्री मेें खाना खाने के दौरान श्रमिक की हुई मौत के मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए अपने पुत्र की हत्या होने की आशंका जताई। वहीं आवेदन देते हुए घटना की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। पुसौर क्षेत्र के ग्राम केनसरा निवासी मकरध्वज मालाकार ग्राम भाठनपाली स्थित सोयाबीन फैक्ट्री के लेबर क्वार्टर में रहते हुए कंपनी में मजदूरी करता था। विगत 4 फरवरी की सुबह रूम में उसकी लाश मिली थी। पास में ही खाने की थाली रखी थी। इस मामले में गुरूवार को मृतक के पिता डुलेश्वर मालाकार ने पुलिस अधीक्षक के नाम दिये गये आवेदन में कहा कि सूचना मिलने पर वह अपने छोटे बेटे के साथ सोयाबीन फैक्ट्री के लेबर क्वार्टर पहुंच कर देखा तो मकरध्वज अपने पलंग पर लुढका हुआ था और भोजन की थाली में उसका मुंह था। उसका चेहरा काला पड़ गया था तथा जबड़े में सुजन थी। इससे उसके साथ किसी अप्रिय घटना होने की आशंका हो रही है। पुलिस ने घटना स्थल पहुंच कर बिना किसी जांच पड़ताल के शव को सीधे अस्पताल भिजवा दिया था।
इस मामले को लेकर न तो फैक्ट्री मालिक से किसी प्रकार की पूछताछ की गई और न ही उसके साथ काम करने वाले किसी मजदूर से कोई पूछताछ हुई। इसके अलावा फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच नहीं की गई। नियमानुसार जिस कमरे में लाश मिली है उसे तत्काल सील कर दिया जाना था, परंतु ऐसा भी नहीं किया गया। मृतक मकरध्वज के पिता ने फैक्ट्री मालिक, मैनेजर व अन्य मजदूरों पर शंका जाहिर करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग की है।


