रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 फरवरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा जैसे अवैध कृत्यों पर अंकुश लगाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल 18 फरवरी को थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चांदमारी स्थित ईदगाह के पास जुआ खेलने की सूचना पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम को मौके पर पहुंचता देख कुछ जुआरी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए, वहीं पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में तिलक विश्वकर्मा तथा उसत राम यादव शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से नगदी रकम 8,200 रुपये तथा ताश के 52 पत्ते जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग जुआ खेलने में किया जा रहा था।
आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में जुआ एक्ट की कार्रवाई के साथ पृथक से धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।


