रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 फरवरी। झूला झूलना 6 वर्षीय मासूम के लिए उस वक्त मौत का सबब बन गया जब झूले की रस्सी फंदा बन कर उसके गले में फंस गई। रस्सी के फंदे में लटकने से बालिका की मौत हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले को जांच में लिया है। उक्त हृदयविदारक हादसा कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोतरा रोड थानांतर्गत ग्राम जामपाली निवासी रामलाल सारथी की 6 वर्षीय पुत्री रिद्धिमा सारथी बुधवार की शाम को घर में लगे झूले में झूलते हुए खेल रही थी। इसी दौरान झूले की रस्सी उसके गले में फंस गई जिससे बने फंदे में वह लटक गई। इससे पहले कि परिजनों को जानकारी होती बच्ची ने फंदे पर झूलते हुए दम तोड़ दिया।
परिजन जब पहुंचे तो रिद्धिमा रस्सी में फंसी मिली और उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना मिलने पर कोतरा रोड पुलिस ने शव को अस्पताल भिजवाया तथा गुरूवार को पीएम कार्रवाई के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।


