रायगढ़

कबाड़ चोरों पर पुलिस की गाज, दो गिरफ्तार
18-Feb-2026 7:50 PM
कबाड़ चोरों पर पुलिस की गाज, दो गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 फरवरी। एसपी के दिशानिर्देश पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने मोटर सायकल चोरों, कबाड़ चोरों एवं अवैध रूप से कबाड़ खरीदी करने वालों पर सतत निगरानी रखकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कल थाना तमनार पुलिस द्वारा लोहा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार 15 फरवरी को प्रार्थी विनोद राठिया उम्र 44 वर्ष निवासी ग्राम गारे थाना तमनार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके ग्राम गारे स्थित भूमि पर बने लोहे के शेड से अज्ञात व्यक्ति द्वारा अल्बेस्टर सीट एवं उसमें लगे लोहे के पाइप चोरी कर लिए गए हैं। रिपोर्ट पर थाना तमनार में  धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तमनार पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में कबाड़ का कार्य करने वाले व्यक्तियों से पूछताछ एवं पतासाजी शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वशीकूल इस्लाम एवं जयराम बेहरा कबाड़ खरीदने-बेचने की आड़ में चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने ग्राम गारे माइंस क्षेत्र के पास स्थित शेड से अल्बेस्टर सीट एवं लोहे के पाइप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गया अल्बेस्टर सीट एवं लोहे का पाइप, कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये, बरामद कर जप्त किया गया। इसके पश्चात दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट