रायगढ़
कांग्रेस ने कलेक्टोरेट में बोला हल्ला, सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 फरवरी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने रायगढ़ निगम क्षेत्र में विधवा पेंशन और वृद्ध पेंशनरों के साथ विगत 4 माह से केंद्र से राशि नहीं मिलने के कारण पीडि़तजनों की समस्या दर्शाते हुए ज्ञापन पत्र कलेक्टर के नाम ज्ञापन पत्र सौंपा। कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रेषित ज्ञापन पत्र में उन्हें अवगत कराया गया कि पेंशन प्राप्त न होने से पीडि़त लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का निदान हेतु कहा गया है।
प्रेषित ज्ञापन में उन्हें ये भी अवगत कराया कि रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में छग राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन 80 वर्ष से अधिक 60 से 79 वर्ष तक वृद्धा पेंशनरों की कुल संख्या 3804 है, वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशनरों की संख्या 742 व दिव्यांग पेंशनरों की संख्या 61 है। इसके साथ ही सुखद सहारा योजना की हितग्राहियों की संख्या 1465 और सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों की संख्या 1565 है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री पेंशन योजना की हितग्राहियों की संख्या 211 है। कुल मिलाकर निगम क्षेत्र में 7848 ऐसे हितग्राही हैं जिनके जीवन में पेंशन बहुत बड़ी उम्मीद व सहारा है। कलेक्टर को इस समस्या के मूल कारण से भी अवगत कराया गया कि केंद्र सरकार द्वारा लंबे समय से राज्य को अपना अंश ही नहीं भेजा गया है। योजना के तहत केंद्र का अंश नहीं मिलने से बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रही है। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत परिवार के मुखिया की मौत होने पर 20 हजार रुपये की राशि मिलती है, लेकिन छत्तीसगढ़ के लोगों को यह राशि भी नहीं मिल पा रही, क्योंकि केंद्र सरकार से राशि का आबंटन नहीं हो रहा है।
वहीं काफी समय से हितग्राहियों को पेंशन न मिलने से आम लोगों को बीजेपी की गारंटी पर संदेह हो रहा है, क्योंकि सरकार द्वारा वादे किए गए थे कि पेंशन योजना को नियमित रूप से चलाया जाएगा। हालांकि, केंद्र से राशि नहीं मिलने के कारण राज्य सरकारें अपने वादों को पूरा नहीं कर पा रही हैं। इससे लोगों में आक्रोश है और वे आज कांग्रेस के माध्यम से सरकार से अपनी पेंशन की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस ने प्रेषित ज्ञापन में यह भी बताया कि केंद्र सरकार पेंशन योजना में सुधार के लिए बिल्कुल गंभीर नहीं है। विदित हो पेंशन से लाभार्थियों को अपने दैनिक खर्चों को पूरा करने में मदद मिल जाती थी। उनका भरण पोषण व दवा के खर्च में सरकारी पेंशन बहुत सहायक होता था। समय पर पेंशन राशि नहीं मिलने पर पेंशनरों की मनोदशा पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
इस ज्ञापन पत्र के माध्यम से कांग्रेस, सरकार को अवगत करवाना चाहती हैं कि सभी पीडि़त जन पेंशन नहीं मिलने की वजह से काफी हताश व चिंतित है उन्हें इतना लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। यही वजह है कि कांग्रेस को कलेक्टर के माध्यम से सरकार से मांग करनी पड़ रही है कि वे अपने वादों को पूरा करें और पेंशन की राशि जल्द से जल्द जारी करें।
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, उप नेता प्रतिपक्ष विकास ठेठवार, प्रदेश युवक कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश पांडेय, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिंकी पांडेय, विकास शर्मा, आरिफ हुसैन, संदीप अग्रवाल, आशीष चौबे, लोकेश साहू, दयाराम धुर्वे ने हिस्सा लिया। यह जानकारी मीडिया को जिला कांग्रेस प्रवक्ता विनोद कपूर ने दी।


