रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 जनवरी। बोईरदादर चक्रधरनगर क्षेत्र में भारी वाहनों के अवैध रूप से हो रहे आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर क्षेत्र के पार्षदों ने कलेक्टर व यातायात प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने इंदिरा विहार के पास ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों की मिली भगत होने का भी आरोप लगाया है।
चक्रधरनगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 48 के पार्षद महेश शुक्ला, वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद सरिता केशव जायसवाल व वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद अजय शंकर मिश्रा ने बोईरदादर, चक्रधरनगर क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन को लेकर संयुक्त रूप से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्षदों द्वारा दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि बोईरदादर बाईपास मार्ग तथा पुलिया के जर्जर होने के कारण प्रशासन के निर्देश पर भारी वाहनों का आवागमन बंद किया गया है, परंतु विभाग की लापरवाही और इंदिरा विहार के पास स्थित बेरियर पर रात्रि कालीन ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक विभाग के कर्मचारी के द्वारा रात्रि 2 बजे से सुबह 6 बजे तक अवैध रूप से भारी वाहनों का बोईरदादर चक्रधरनगर क्षेत्र में आवागमन कराया जा रहा है। इस वजह से आये दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। उक्त सडक़ भी भारी वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है तथा इससे भविष्य में गंभीर दुर्घटना घटने की संभावना बनी रहती है। ट्रैफिक विभाग के इस कृत्य से क्षेत्र की जनता में भी काफी आक्रोश व्याप्त है जो भविष्य में आंदोलन का रूप ले सकता है। पूर्व में भी यातायात प्रभारी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई आज पर्यंत नहीं की गई है। उन्होंने कलेक्टर से इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।


