रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 जनवरी। फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई चोरी की घटना में पुलिस को 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास सघन सर्च अभियान चलाया गया।
सर्च के दौरान न्यू अग्रोहा धाम भवन के पीछे झाडिय़ों में चोरी गई तिजोरी बंद हालत में बरामद की गई। इसके बाद प्रार्थी आलोक अग्रवाल एवं उनके घरवालों की उपस्थिति में तिजोरी खुलवाकर विधि अनुसार पंचनामा कार्यवाही की गई, जिसमें तिजोरी में रखें शत-प्रतिशत सोने-चांदी के जेवरात एवं नगद राशि बरामद हुई है। घटना के संबंध में 29 दिसंबर को थाना कोतरारोड में गौरव अग्रवाल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके भाई आलोक अग्रवाल, निवासी क्वार्टर 19 नंबर फ्रेंड्स कॉलोनी में रहते हैं, आलोक अग्रवाल निजी कार्य से 27 दिसंबर को रायपुर गए थे। 29 दिसंबर को दोपहर उनके घर की बाई (महिला) ने घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने और संदिग्ध स्थिति की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि बेडरूम की ग्रिल टूटी हुई थी, ताले टूटे थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किया जाना प्रतीत हुआ।
कोतरारोड थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। घर स्वामी आलोक अग्रवाल द्वारा उनके घर से तिजोरी और अलमारी में रखें करीब 54 तोला सोना चांदी के आभूषण और कैश 2 लाख की चोरी होना बताया गया है। थाना प्रभारी कोतरारोड मोहन भारद्वाज, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन पर कल सुबह चलाए गए सर्चिंग दौरान चोरी तिजोरी की बरामदगी में पुलिस को सफलता मिली है। बरामद तिजोरी से 27 तोला सोने के जेवरात लगभग 25 लाख रुपये एवं 64,000 रुपये नगद, कुल करीब 25.64 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।
पुलिस टीम चोरी गए अन्य सामानों की बरामदगी और आरोपियों की पतासाजी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।


