रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 दिसंबर। भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में अटल शताब्दी वर्ष के अंतर्गत निर्मित 115 अटल परिसरों का लोकार्पण किया। इनमें रायगढ़ नगर पालिक निगम द्वारा सर्किट हाउस चैक में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल परिसर भी शामिल है।
पहले बजट से अटल परिसरों का संकल्प-वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पूरे देश में सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट से ही प्रत्येक नगरीय क्षेत्र में अटल परिसर निर्माण का संकल्प लिया था, ताकि अटलजी के ऐतिहासिक योगदानों को स्थायी स्मृति के रूप में संरक्षित किया जा सके। आज प्रदेश में 115 अटल परिसरों का लोकार्पण इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश का पहला गुड गवर्नेंस डिपार्टमेंट गठित किया गया है। ग्राम पंचायतों में अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र, प्रशासनिक सरलीकरण तथा तकनीक आधारित सेवाओं से सुशासन को नई गति मिली है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ अंजोर विजन के माध्यम से प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अटल परिसर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत-महापौर
नगर निगम महापौर जीवर्धन चैहान ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर अटल परिसर का लोकार्पण रायगढ़ के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह परिसर युवाओं को अटल जी के विचारों, मूल्यों और छत्तीसगढ़ निर्माण में उनके अमूल्य योगदान से जोडऩे का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने रायगढ़ को महानगर की दिशा में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि अटलजी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है और छत्तीसगढ़ उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम मेंसुरेश गोयल, सुभाष पांडेय, विवेक रंजन सिन्हा, श्रीकांत सोमावार, विकास केडिया, पार्षदगण, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


