रायगढ़

रायगढ़-ओडिशा बार्डर तक फोरलेन की मंजूरी
11-Nov-2024 6:38 PM
रायगढ़-ओडिशा बार्डर तक फोरलेन की मंजूरी

मोदी-गडकरी का वित्त मंत्री ओपी ने आभार जताया

कहा- परियोजना के पूरा होने से कनेक्टिविटी के साथ-साथ व्यापार बढ़ेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़,11 नवंबर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी ने अकलतरा-रायगढ़-ओडिशा बार्डर तक राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का रायगढ़वासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है।

वित्त मंत्री  ओपी ने कहा कि फोरलेन हेतु इस स्वीकृति से राज्य में सडक़ नेटवर्क मजबूत होगा और कनेक्टिविटी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य प्रगति के पथ पर अग्रसर हो रहा है। राज्य सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति और बड़ी परियोजनाओं के लिए केंद्रीय नेतृत्व की सहमति राज्य विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा।

केंद्रीय मंत्री  नितिन गडकरी ने भारतीय सडक़ कांग्रेस के 83वें वार्षिक अधिवेशन में इस आशय की घोषणा की, जिसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ में चार प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को फोरलेन बनाने की स्वीकृति दी। इन राजमार्गों में धमतरी से जगदलपुर (एनएच-30), रायपुर से बलौदाबाजार (एनएच-130 सी), कटघोरा से अंबिकापुर (एनएच-130), और बिलासपुर से अकलतरा (रायगढ़)-ओडिशा बार्डर तक के मार्ग शामिल हैं। यह कदम राज्य के सडक़ नेटवर्क को और भी मजबूत करने और परिवहन की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद करेगा।

रायगढ़ से ओडिशा बार्डर तक इस फोरलेन मार्ग के निर्माण से न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि यह छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सामरिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। इसके अलावा, इस मार्ग के पर्यटकों के लिए सुविधाजनक होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी प्रोत्साहन मिलेगा। स्थानीय कारोबारियों को भी इस परियोजना से लाभ होगा, क्योंकि यह मार्ग व्यापार और माल परिवहन के लिए महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियाँ और व्यापारिक अवसर बढ़ेंगे।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इन परियोजनाओं की स्वीकृति राज्य के आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद राज्य में सडक़ यातायात और परिवहन की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा, जो न केवल छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के लिए भी लाभकारी साबित होगा।


अन्य पोस्ट