रायगढ़

धन बल की कमी की वजह से कांग्रेस प्रचार-प्रसार में पिछड़ते जा रही-महंत
18-Apr-2024 8:08 PM
धन बल की कमी की वजह से कांग्रेस प्रचार-प्रसार में पिछड़ते जा रही-महंत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 अप्रैल। रामनवमी पर रायगढ़ पहुंचे छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता चरणदास महंत ने महापल्ली मार्ग में स्थित मनकामेश्वर मंदिर में आयोजित पूजा-अर्चना में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव के संबंध में अपनी बातें रखी।

रामनवमी पर रायगढ़ पहुंचे छत्तीसगढ़ में नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांगे्रसी नेता चरणदास महंत ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में धन बल की कमी की वजह से कांगे्रस प्रचार-प्रसार में पिछड़ते जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हमारे सभी बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। कांगे्रस के प्रत्याशियों को केन्द्र से किसी प्रकार की मदद नहीं मिल रही है। यहां की सरकार बदल जाने के बाद यहां के व्यापारीगण उनके मुंह फेर चुके हैं। और आज का चुनाव धन का चुनाव है, और इस कारण से हमारे प्रचार-प्रसार में कमी दिख रही है।

चरणदास महंत ने कहा कि जहां तक मुद्दे की बात है तो हमारे पास अधिक मुद्दे हैं, उनके न्याय पत्र में किसान, युवा, महिलाओं का ध्यान रखा गया है, जिससे जनता उनके पक्ष में जुड़ेगी। बातचीत के दौरान चरणदास महंत ने इस बात को माना कि कांगे्रस में मची भगदड़ में भी अपनी बात रखी और कहा कि बड़े पैमाने पर दबाव डालने से यह स्थिति बन रही है। कांगे्रस छोडक़र जाने वाले लोग कितने दिन रहेंगे और क्या करेंगे ये उनसे ज्यादा कोई नहीं जान सकता।

एक सवाल के जवाब में वरिष्ठ कांगे्रस नेता चरणदास महंत ने इस बात को माना अविभाजित मध्यप्रदेश के समय कांग्रेस संगठित हुआ करती थी, छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश एक था, और छत्तीसगढ़ आने के बाद गुटीय राजनीति में फंस गए।

उन्होंने विद्याचरण शुक्ल से लेकर श्यामाचरण शुक्ल के साथ-साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व अजीत जोगी का नाम लिया और इसके बाद थोड़ा बिखराव आया और हमें लगता है कि इसी गुटीय राजनीति के कारण कांगे्रस में कमजोरी आई है। महंत ने टीएस बाबा की बात का भी समर्थन किया। चर्चा के दौरान नक्सली व पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 29 से अधिक नक्सलियों पर भी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि एक योजनाबद्ध तरीके से पुलिस का ऑपरेशन सफल हुआ था और पहले इस मुठभेड़ पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब लगता है कि एक रणनीति के तहत पुलिस को यह सफलता मिली है।

बातचीत के दौरान चरणदास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में शपथ लेने के पूर्व हसदेव अरण्य के जंगलों का काटा जाना, हसदेव अरण्य के जंगल को काटने से हंसदेव-बांगो का जो परियोजना है, वह खत्म हो जाएगा। यहां लगातार बड़े-बड़े कोयले की खदान खुल रही है, और गड्ढे बनेंगे।

हाथियों का जो स्वाभाविक रूट है, नेपाल से लेकर रायपुर तक वे जाते है और वहां से वे प्रजनन के पश्चात बच्चों को लेकर वापस आते हैं। हाथियों का यह रूट प्रभावित होने की वजह से वे अब शहरों की ओर आना शुरू कर चुके हैं। पर्यावरण पूरी तरह से नष्ट हो रहा है।


अन्य पोस्ट