रायगढ़

नामांकन दाखिले के अंतिम दिन भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
31-Oct-2023 4:33 PM
नामांकन दाखिले के अंतिम दिन भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की अगुवाई में निकली विजय विश्वास रैली

 ओपी, सुनीति, हरिशचंद्र व महेश ने किया नामांकन दाखिल 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 31 अक्टूबर।
रायगढ़ के रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ जिले की चारों विधानसभा सीट से जीत का शंखनाद किया। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की उपस्थिति में खरसिया के महेश साहू, लैलूंगा की सुनीति राठिया, धरमजयगढ़ क्षेत्र से हरिशचंद्र राठिया और रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र से ओपी चौधरी ने आमसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार को उखाड फेंकने का आव्हान करते हुए एक बार फिर से भाजपा सरकार बनाने की अपील की। इन सभी प्रत्याशियों ने रायगढ़ की दशा व दिशा सुधारने के संकल्प के साथ-साथ पांच सालों में हुए भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाते हुए जनता से आव्हान किया कि ऐसी भ्रष्ट सरकार को बदलने के लिये आप सभी को वोट कमल छाप में दें ताकि डबल इंजन की सरकार एक बार फिर से छत्तीसगढ़ में बन सके।

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के उपर भ्रष्टाचार में लिप्त होनें का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के संसाधनों में करोड़ो रूपये के भ्रष्टाचार करने वाले भूपेश बघेल के आधे अधिकारी व नेता जेल में है और आधे बचे हुए हैं। 

उन्होंने बताया कि 2003 में वे भाजपा की सक्रिय राजनीति में जब आये थे तब मध्यप्रदेश की सरकार छत्तीसगढ़ के संसाधनों को दोहन करते हुए यहां की जनता के साथ विकास के नाम पर छल करती थी। लेकिन स्व. अटल बिहारी बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ वासियों को सपना पूरा करते हुए यहां की जनता को सौगात देते हुए नये राज्य का गठन किया और यहां विकास के लिये जो वादे किये थे वो पूरे किये।

अपने संबोधन में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने छत्तीसगढ़ में हुए सीएसआर व मिनरल फंड के घोटाले में भी जमकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए भूपेश बघेल सरकार को घेरा। उन्होंने यह भी कहा कि ओडिशा सीमा से लगे रायगढ़ जिले के लोगों के विकास के लिये चारो सीट पर जीत दर्ज करने के लिये जनता का साथ आवश्यक है।


अन्य पोस्ट