रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि पर्व की धूम मची हुई है। शहर के चौक - चौराहों पर बने भव्य पंडालों में जगह-जगह मां दुर्गा विराजमान हंै। विद्युत झालरों की सजावट शहर में देखते ही बन रही है। मंदिरों व दुर्गा पंडालों में भक्त हजारों की संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
शहर में बनाए गए विभिन्न पंडालों में सुबह व शाम शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने के साथ मां दुर्गा की आराधना में भक्त डूब गए हैं। नवरात्रि के प्रथम दिवस देवी मंदिरों में कलश स्थापना की गई। कलश स्थापना के साथ ही मां दुर्गा की आराधना प्रारंभ हो गई है। नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना को लेकर बुढ़ी मांई मंदिर, बंजारी मंदिर, अनाथलय स्थित दुर्गा मंदिर, सेठी नगर स्थित दुर्गा मंदिर के साथ-साथ चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर सहित अन्य दुर्गा मंदिरों में नवरात्रि प्रारंभ होते ही हजारों की संख्या में भक्तों का तांता लगना शुरू हो जाता है।
शहर के दुर्गा पंडालों और देवी मंदिरों की सजावट देखते ही बन रही है। इन भव्य पंडालों में भी लोग नयनाभिराम दृश्य को देखने के लिए उमड़ रहे हैं।




