महासमुन्द
आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जुलाई। बीते माह जून की 23 तारीख को पिथौरा ब्लॉक के ग्राम बेलर की शिशुवती महिला की मौत कोरोना टीका लगवाने के 17 घंटे बाद हुई थी। मौत की जांच में यह सामने आया कि महिला की मौत टीका के कारण नहीं कोरोना के कारण हुई थी।
गौरतलब है कि पिथौरा क्षेत्र में टीकाकरण के बाद लाभार्थी की यह दूसरी मौत थी। मौत के कारणों का पता करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने महिला का आरटीपीसीआर टेस्ट व पोस्टमार्टम भी करवाया गया था। महिला के आरटीपीसीआर टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई थी।
पूरा मामला यह है कि ग्राम बेलर की त्रिवेणी गोंड़ ने 22 जून को दोपहर 3 बजे गांव के ही टीकाकरण सेंटर में कोरोना टीका लगवाया था। टीका लगवाने के बाद वे आधे घंटे के ऑब्जर्वेशन में भी थी और इस दौरान उसे किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हुई। शाम 6 बजे तक महिला की तबीयत ठीक थी, लेकिन शाम 7 बजे अचानक उसे उल्टी शुरू हुई और अगले दिन सुबह 7 बजे तक उसकी मौत हो गई थी। इस मौत का कारण जानने के लिए अधिकारियों ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के लिए परिजनों को मनवा लिया था। जिला टीकाकरण अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार महिला की आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी।