महासमुन्द

विकास कार्यों पर नपाध्यक्ष ने संचालक क्षीरसागर से की मुलाकात
24-Nov-2026 7:37 PM
 विकास कार्यों पर नपाध्यक्ष ने संचालक क्षीरसागर से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 नवम्बर। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नवा रायपुर स्थित इन्द्रावती भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक निलेश कुमार क्षीरसागर से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान महासमुंद नगर के नवीन विकास कार्यों एवं जनहित के विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। अध्यक्ष श्री साहू ने नगर की वर्तमान आवश्यकताओं, चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और भविष्य की प्राथमिकताओं से संचालक को अवगत कराया।

पालिका अध्यक्ष ने नगर के सर्वांगीण विकास के लिए विभाग से सहयोग प्रदान करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि महासमुंद नगर तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए शासन स्तर पर स्वीकृति, मार्गदर्शन और सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

मुलाकात के दौरान नगर में सडक़, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सामुदायिक भवन एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संचालक श्री क्षीरसागर ने अध्यक्ष की मांगों को गंभीरता से सुना और नगर के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि महासमुंद को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त नगर बनाना ही उनका लक्ष्य है।

इसके लिए वे लगातार शासन और विभाग के अधिकारियों से संपर्क में हैं। इस सकारात्मक मुलाकात से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट