महासमुन्द

महासमुंद में बाघ की आमद, किया सतर्क
03-Feb-2026 2:08 PM
 महासमुंद में बाघ की आमद,  किया सतर्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी।
बारनवापारा अभयारण्य में निवासरत एकमात्र बाघ के पगमार्क नहीं मिलने से वन विभाग के अधिकारियों को संदेह हुआ है कि बाघ रात में अभयारण्य क्षेत्र से बाहर निकल चुका है। 
प्रारंभिक आंकलन के अनुसार बाघ अर्जुनी रेंज होते हुए पिथौरा ब्लॉक के बम्हनी रेंज की ओर बढ़ चुका है तथा आगे बसना के रंगमटिया रेंज की दिशा में जाने की संभावना है। 

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अर्जुनी रेंज से बाघ के आगे बढऩे के लिए मुख्यत: तीन मार्ग अनुकूल माने जा रहे हैं। जिसमें बम्हनी पिथौरा ब्लॉक रंगमटिया,बसना ब्लॉक तथा गोमर्डा अभयारण्य सारंगढ़ शामिल हैं। इन्हीं संभावित मार्गों को ध्यान में रखते हुए संबंधित रेंजों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। 
वन विभाग बसना के रेंजर सुखराम निराला ने बताया कि कल रात लगभग 7 बजे के बाद बाघ के पिथौरा रेंज से होते हुए बसना रेंज की ओर जाने की आशंका के मद्देनजर पिथौरा रेंज में 20 वन रक्षक व अधिकारी तथा बसना रेंज के ग्राम रंगमटिया, चनाट, ढालम एवं दलदली की ओर 15 वन रक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार गश्त कर रहे हैं। साथ ही आसपास के गांवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे रात्रि में अकेले अथवा एक-दो लोगों के समूह में घरों से बाहर न निकलें। गांव से बाहर जाने पर प्रतिबंध की चेतावनी भी मुनादी के जरिए दी जा रही है। 

रेंजर श्री निराला ने बताया कि बम्हनी, रंगमटिया और गोमर्डा तीनों रेंज में कहीं भी बाघ की मूवमेंट हो सकती है। इसी कारण तीनों दिशाओं में लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी स्थान पर बाघ दिखाई देने या पगमार्क मिलने की स्थिति में तुरंत विभागीय अमले को सूचना देने की अपील की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पिथौरा क्षेत्र के बम्हनी तथा बसना क्षेत्र के रंगमटिया-रामभांठा सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।


अन्य पोस्ट