महासमुन्द

मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज नगर इकाई महासमुंद का बागबाहरा कला में वार्षिक अधिवेशन
03-Feb-2026 3:38 PM
मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज नगर इकाई महासमुंद का बागबाहरा कला में वार्षिक अधिवेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,3फरवरी। मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज नगर इकाई महासमुंद का वार्षिक अधिवेशन ग्राम बागबाहरा कला में आहुत हुआ। इस 47 वें वार्षिक अधिवेशन के विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य रवि फरोदिया, मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज चन्दखुरी राज के राज प्रधान चिन्ता राम वर्मा, चन्दखुरी राज के राज मंत्री राम कुमार वर्मा, सचिव नरेन्द्र वर्मा, केन्द्रीय कार्यकारणी सदस्य करण वर्मा, कैलाश वर्मा, केन्द्रीय महिला कार्यकारणी सदस्य डॉ चंद्रकला वर्मा, इकाई अध्यक्ष उत्तम वर्मा, महिला अध्यक्ष पानु वर्मा मंचस्थ हुए।

इस अवसर पर नगर इकाई अध्यक्ष उत्तम वर्मा, महिला अध्यक्ष पानू वर्मा, सचिव नीरज वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप वर्मा ने  वार्षिक प्रतिवेदन का पठन किया। खुला मंच में ग्राम प्रमुख गोड़बहल जयराम वर्मा द्वारा सभी कुर्मी फिरका उपजाति की एक रीति नीति एवं नियम की आवश्यकता पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि श्री रवि फरोदिया ने समाज को हरसंभव सहयोग प्रदान करते हुए बच्चों की शिक्षा पर जोर दिया। चंदखुरी राज के राज मंत्री ने समाज में नशा मुक्ति उन्मूलन हेतु समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सभी स्वजातियों को नशा से दूर रहने का अनुरोध किया। राजप्रधान चिंताराम वर्मा ने सामाजिक नियमों की जानकारी देते हुए सामाजिक एकता मजबूत करने एवं संगठित होकर कार्य करने की बात कही। कहा कि शादी समारोह में डी जे-प्री वेडिंग शूट पर पाबंदी हो, शादी में डिब्बा बंद उपहार पर रोक, मृत्यु पर केवल 5 पीतांबरी वस्त्र, विशेष मृत्यु भोज पर पाबंदी सहित सभी बनाए गए नियमों की जानकारी दोहराते हुए कड़ाई से लागू करने की बात कही।

अंत में राजप्रधान ने चंदखुरी राज द्वारा फरवरी में आयोजित सामूहिक विवाह में सम्मिलित होकर समाज के नवयुवकों एवं युवतियों को शादी समारोह में हो रही फिजूलखर्ची पर रोक लगाकर सामूहिक विवाह करने की अपील की। नगर इकाई महासमुन्द के अध्यक्ष उत्तम वर्मा ने अपने कार्यकाल की समाप्ति पर इकाई कार्यकारिणी को भंग किया। तत्पश्चात राजप्रधान द्वारा नए अध्यक्ष का मनोनयन या निर्वाचन प्रक्रिया की हेतु खुला मंच आयोजित की। समाज ने एकराय होकर कोषाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके प्रदीप वर्मा को नगर इकाई महासमुन्द का नया अध्यक्ष मनोनीत किया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रदीप वर्मा ने समाज के प्रत्येक ग्राम प्रमुखों से संपर्क बनाकर एक एक सामाजिक सदस्य से राय लेकर समाज को संगठित रखने एवं चंदखुरी राज में महासमुन्द इकाई की बात प्रमुखता से रखने की बात कही। इस अवसर पर  बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इन बच्चों को नगद पुरस्कार तथा कक्षा दसवीं में 86 फ्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली स्वेच्छा वर्मा,कराटे में नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने वाली शैली वर्मा को समाज द्वारा सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट