महासमुन्द
सपत्नीक शामिल हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 फरवरी। ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव अवसर पर कल 2 फरवरी की शाम महानदी तट पर शाम 7:30 बजे दिव्य महानदी आरती का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। विधायक श्री सिन्हा ने पत्नी प्रिया सिन्हा के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलन किया तथा श्रद्धा भाव से महानदी आरती संपन्न की। उन्होंने महानदी तट पर दीपदान कर जिलेवासियों की सुख.समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगल कामना की। महानदी आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण वैदिक मंत्रोच्चा,शंख ध्वनि एवं मधुर भक्ति संगीत से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था और भावनाओं के साथ आरती में सहभागिता कर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आत्मिक शांति का अनुभव किया। महानदी के पावन तट पर प्रज्ज्वलित सैकड़ों दीपों की जगमगाहट,लहरों पर पड़ती रोशनी और सामूहिक आरती का मनोहारी दृश्य उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर गया। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, प्रकाश शर्मा, रमेश साहू, सिरपुर गंधेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के दाऊ लाल चंद्राकर, सरपंच सिरपुर पुष्पा के.माली सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु, पर्यटक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


