महासमुन्द
प्रसंस्करण यूनिट खुलने से तेजी से बढ़ेगा मिलेट्स फसलों का बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अप्रैल। मिलेट्स फसलों को प्रोत्साहित करने तथा उसे जन सामान्य की आवश्यकता बनाने के लिये अब कृषि विभाग महासमुंद जिले में खाद्य प्रसंस्करण यूनिट लगाने पर विचार कर रही है। इसके लिये अब प्रस्ताव की भी तैयारी चल रही है। यदि जिले में मिलेट्स फसलों के लिये प्रसंस्करण यूनिट खुल गया तो रागी, कोदो, कुटकी, ज्वार, बाजरा जैसी मिलेट्स फ सलों और भी अच्छा बाजार मिलेगा। वहीं किसानों में मिलेट्स फ सलों के उत्पादन को लेकर और भी रुचि बढ़ेगी। मिली जानकारी के अनुसार जिले में बीते 3-4 सालों से रागी, ज्वार-बाजरा, कोदो, कुटकी मडिय़ा की फसलों का उत्पादन किसान कर रहे हैं और प्रदेश में उत्पादन भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यहां खाद्य प्रसंस्करण यूनिट की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मालूम हो कि पोषक तत्वों से भरपूर होने तथा पोषक पूरण आहार में मुख्य घटक के रूप में उपयोग होने की वजह से शासन रागी की फसल को प्रोत्साहित कर रही है। जिले में इस बार 1200 हेक्टेयर में रागी की फसल लगाया गया हैं। इसे प्रोत्साहित करने के लिए कृषि विभाग के कृषि विस्तार अधिकारी ग्रामों में जा कर किसानों को प्रोत्साहित कर रहें है। गत वर्ष से प्रदेश सरकार दलहन तिलहन को समर्थन मूल्य में खरीदना प्रारंभ की है। चूंकि खाद्य प्रसंस्करण, खाद्य पदार्थों को हानिकारक सूक्ष्मजीवों से बचाने में मदद करता है। जिससे खाद्य सुरक्षा में सुधार होता है। प्रसंस्करण से खाद्य पदार्थों की शेल्फ लाइफ बढ़ती है। जिससे वे लंबे समय तक खराब हुए बिना सुरक्षित रहते हैं। इससे खाद्य पदार्थों की उपलब्धता बढ़ती है। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों में। जहां ताजे खाद्य पदार्थों को परिवहन करना मुश्किल होता है।
वहीं फूड प्रोसेसिंग यूनिटें किसानों को अपनी फसल को मूल्यवान उत्पादों में बदलने, आय में वृद्धि, रोजगार के अवसर, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास में मदद, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में सुधार,नई आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है। जिससे अर्थव्यवस्था को विकास में मदद मिलती है। फलस्वरूप मिलेट्स फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जबकि इस बार धान का लक्ष्य नहीं रखा गया था। फिर भी कुछ किसान धान की फसल लगा ही लेते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक रागी मडिय़ा की फसल में पानी बहुत ही काम लगता है और इस फसल में बीमारियों की संभावना कम रहती है।
उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप ने बताया कि हमारे जिले में बहुत तेजी से किसानों में रागी सहित अन्य मिलेट्स फसलों की ओर रुझान बढ़ा है। वर्तमान में हर सीजन में किसान 1200 से 1500 हेक्टेयर में मिलेट्स फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। कम पानी में तैयार होने वाली इन फसलों जा लागत भी कम है और मुनाफा अच्छा है। यदि प्रसंस्करण यूनिट लग जाए तो सोने पर सुहागा वाली बात हो जाएगी। इसके प्रोत्साहन को लेकर शासन-प्रशासन गंभीर है।