महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 जुलाई। एक तरफ शासन प्रशासन फसल बीमा कराने के लिए जनजागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर पिछले रबी सीजन में कराये गए फसल बीमा का लाभ किसानों को अब तक नहीं मिल पाया है। पिछले रबी सीजन में हुई ओलावृष्टि से बिछियां सागरपाली रोहिना क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ रबी फसल को काफी नुकसान पहुंचा था। खासकर गेहूं फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई थी। ओलावृष्टि का प्रकोप सागरपाली रोहिना के आसपास के गांव में ज्यादा था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राजस्व विभाग ने यहां फसल क्षति का आंकलन भी करवाया तथा हल्का पटवारी द्वारा आरबीसी 6.4 के तहत मुआवजा प्रकरण तैयार कर तहसील कार्यालय में 16.04.2024 को जमा भी किया गया है। रोहिना एवं बिछिया के किसानों ने गेहूं फसल के लिए बीमा भी करवाया था, जिसका लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है।
मालूम हो कि पिछले 20 मार्च को सागरपाली रोहिना क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई जिसके चलते रबी फसल बर्बाद हो गई। जिन किसानों ने गेहूं, मूंग, उड़द आदि फसल लिए थे,ओला गिरने से पूरी तरह से बर्बाद हो गया। लागत भी नहीं निकल सका। कई किसानों ने गेहूं और मूंग लगाया था जो ओलावृष्टि की वजह से पूरी तरह चौपट हो गया। बहुत से किसानों ने बड़ी उम्मीद के साथ फसल बीमा कराया था। अब वे बीमा राशि के लिए भटक रहे हैं।