महासमुन्द
धोखे से हस्ताक्षर करवा अपनी नियुक्ति करवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून। बुधवार को जिले के ग्राम शिकारीपाली तेंदूकोना निवासी लगभग 70-80 ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर ग्राम के अस्थाई कोटवार को तत्काल हटाने की मांग करते हुए कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है।
कलेक्टर कार्यालय में सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि शिकारीपाली पटवारी हल्का नंबर 9 रानिमं तेन्दूकोना तहसील बागबाहरा में विश्वनाथ बघेल जाति गांडा कोटवार पद पर पदस्थ था। जिसकी मृत्यु गत वर्ष 17 जुलाई 2023 को हो गई। कोटवार की मृत्यु के पश्चात उसका भतीजा नीरज बघेल को वर्तमान में ग्राम के अस्थायी कोटवार पद पर नियुक्त किया गया है। गांव वालों का आराोप है कि मृत पूर्व कोटवार की पत्नी कुन्ती बघेल को तहसील कार्यालय में 5 लाख रुपए आर्थिक सहायता मिलना बताते हुए नीरज ने अपने नाम से कोटवार पद के आवेदन पर धोखे से हस्ताक्षर करवाकर अपनी नियुक्ति करवाई है।
ग्रामीणों ने बताया है कि कोटवार नीरज बघेल का आचरण सही नहीं होने के कारण पंचायत पदाधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायत प्रस्ताव भी उसके पक्ष में नहीं दिया गया है। उसके बाद भी ग्राम पंचायत की सहमति के बिना उसकी नियुक्ति अस्थायी कोटवार पद पर कर दी गयी है। ग्राम कोटवार पद पर नियुक्ति होने के बाद नीरज बघेल द्वारा पूर्व कोटवार की पत्नी को गाली-गलौच व मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया गया है।
पूर्व कोटवार की पत्नी द्वारा पंचायत बैठक बुलाकर इसकी जानकारी दी गई, तब ग्रामवासियों ने कोटवार नीरज बघेल को बुलाकर मारपीट और लड़ाई-झगड़ा करने से मना भी किया कोटवार ने अपनी मनमानी करते हुए पंचायत पदाधिकारियों से भी दुव्र्यवहार किया है। उसके व्यवहार को देखते हुए कोटवारी सेवा भूमि को अपने नाम से दर्ज किये जाने हेतु दिये गये आवेदन पर 6 जून 2024 को ग्रामवासियों ने आपत्ति दर्ज कर सेवा भूमि और कोटवार पद पर मृत कोटवार की पत्नी को नियुक्त किये जाने हेतु तहसीलदार बागबाहरा के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।
उपरोक्त आपत्ति के संबंध में जब नीरज बघेल को जानकारी हुई तो उन्होंने ग्राम के कुछ लोगों के घर में घुसकर गाली-गलौच करते हुए धमकाया। नीरज बघेल गांव में खुले आम कहता फिर रहा है कि लाखों खर्च कर कोटवार बना हूं जिसको जो करना है कर लें।
कुछ दिन पूर्व गांव के एक व्यक्ति की सर्पदंश से मौत होने पर पंचनामा में हस्ताक्षकर करने से मना करते हुए नीरज बघेल ने कह दिया कि मैं हस्ताक्षर नहीं करूंगा। जहां शिकायत करना है कर दो। अत: ग्रामीणों ने उक्त अस्थायी कोटवार नीरज बघेल की दबंगई से परेशान होने तथा गांव में अशांति व भय का वातावरण निर्मित होने की जानकारी देते हुए शीघ्र ही नीरज बघेल को कोटवार पद से हटाने तथा पूर्व कोटवार की पत्नी को कोटवारी दिलाने की मांग की है।