महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जुलाई। खेती में लगातार घाटे से परेशान होकर तेंदुकोना थाने के तहत ग्राम छुहिया के किसान ने आत्महत्या कर ली। लो-वोल्टेज की समस्या से फसल को नुकसान, बैंक कर्ज तथा पिछले 8-9 सालों से लगातार घाटे की वजह से 65 वर्षीय किसान कन्हैया सिन्हा ने अपने घर से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित आम बगीचे में पेड़ में धोती का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पंचनामा कर पीएम के बाद शव परिजनों का सौंप दिया।
आत्महत्या नोट में लिखा - मैं छोटा सा किसान, किसानी के अधीन था। कभी पानी से, कभी बीमारी से परेशानी, कभी फसल नुकसान होते हुए 8-9 साल से परेशान हो रहा हूं। मुझे हर साल घाटा ही घाटा हो रहा था। इस वर्ष रबी फसल का धान बिजली का वोल्टेज सही नहीं होने के कारण 4 एकड़ का धान की फसल मर गयी। इसे ज्यादा नुकसान होने के मुझे एक-एक पैसे के लिये तरसना पड़ा। शासन से कोई लाभ नहीं मिला, न तो बीमा, न 2 लाख रुपए छूट मिला। इस नुकसान के कारण त्रस्त था। अंत में मेरे लिए चारों ओर अंधकार है।
मालूम हो कि किसान के आत्महत्या से पहले जो सुसाइड नोट लिखा है, उसमें उनका हस्ताक्षर नहीं है। लिहाजा पुलिस का कहना है कि एक्सपर्ट से भी इसका परीक्षण कराया जाएगा। मृतक के परिजनों के अनुसार मृतक कन्हैया सिन्हा की 5 एकड़ के आसपास जमीन है। परिवार में एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों विवाह हो चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार किसान कन्हैया कल सुबह शौच के नाम पर घर से निकला था। लेकिन वह काफी समय तक घर नहीं लौटा था। सुबह कुछ लोगों ने उसका शव पेड़ पर लटका देख ग्राम कोटवार को इसकी सूचना दी। बाद कोटवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि उसके जेब से जो सुसाइड नोट मिला है, उसके बारे में लोगों ने उसकी हैंड राइटिंग होना बताया है। लेकिन हैंडराइटिंग किसकी है, इसके लिए एक्सपर्ट का सहयोग लिया जाएगा।
वह वतर्मान में अपनी पत्नी सहित अपने पुत्र, पुत्रवधु के साथ रहता था। रिश्ते में मृतक के भतीजे बसुलाडबरी के सरपंच हेमंत सिन्हा ने बताया कि स्व. कन्हैया सिन्हा क्षेत्र में जमीनी पानी जांच करने के मामले में काफ ी प्रसिद्ध थे। लेकिन उनके साथ विडंबना यह रही कि उन्हें अपनी भूमि में 13 स्थानों पर बोर कराना पड़ा था।
इधर जिला प्रशासन ने जांच के बाद जारी बयान में बताया कि मृतक किसान कन्हैयालाल ने बीते चार सालों में समर्थन मूल्य में कुल 226 क्विंटल धान बेचा था। एवज में 4 लाख 34 हजार 952 रुपए मिले थे। कन्हैया लाल का सहकारी बैंक में कोई कर्ज नहीं है। उनके पुत्र का 7,747 रुपए का ऋण माफ हुआ है। निजी बैंक में उनके और पुत्र के संयुक्त नाम से 4 लाख 60 हजार का ऋ ण है। राजीव गांधी न्याय योजना से भी 38 हजार 916 रुपए का लाभांश मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला, खेत में 2 बोर भी है। जिला प्रशासन ने तात्कालिक अंतरिम राहत के रूप में 20 हजार रुपए की सहायता दी गई है।