महासमुन्द
नीलांचल सेवा समिति की नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 17 फरवरी। नीलांचल सेवा समिति की एम्बुलेंस से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला अब भी जारी है। गुरुवार की दोपहर भी नगर के महालपारा निवासी एक गंभीर मरीज को तत्काल चिकित्सा हेतु रायपुर के बालाजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
नीलांचल सेवा समिति के संस्थापक एवं नगर पंचायत बसना के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ.सम्पत अग्रवाल द्वारा क्षेत्रवासियों की स्वास्थ्य रक्षा हेतु निशुल्क एंबुलेंस सेवा एवं उपचार सेवा कोरोना समय से प्रारम्भ की गई थी, जो कि आज भी जारी है।
इसके अलावा समिति द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर,नेत्र जांच शिविर का आयोजन भी किया जाता है। जिसका लाभ क्षेत्रवासियों के साथ अन्य विधानसभा के मरीज, छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों सहित अन्य राज्यों के लोगों को भी मिल रहा है। आज डॉ.सम्पत अग्रवाल ने नीलांचल सेवा समिति पिथौरा के वार्ड क्रमांक 7 मंदिर पारा निवासी बाबूलाल डडसेना की पत्नी सुशीला डडसेना (56)को बार बार चक्कर आने जैसे गंभीर समस्या का ईलाज कराने के लिए नीलांचल सेवा समिति द्वारा संचालित निशुल्क एंबुलेंस सेवा से रायपुर के निजी अस्पताल भेजा। जहां विशेषज्ञों के देख-रेख में सुशीला का उपचार किया जा रहा है।