महासमुन्द
महासमुंद, 26 अप्रैल। देश के विभिन्न हिस्सों में एक बार फिर से कोरोना की दस्तक हो गई है। देश की राजधानी जैसे शहरों में बीते कुछ दिनों में फिर से कोरोना महामारी की रफ्तार देखने को मिली है। इसी के तहत छग राज्य में भी इससे बचाव के लिए एहतियात के तौर पर मास्क अनिवार्य कर विभिन्न बिंदुओं पर आदेश जारी किया गया है। कल सोमवार 25 अप्रैल को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मंत्रालय रायपुर से पांच बिंदुओं पर आदेश जारी किया है,जो पूरे प्रदेश के लिए है। इस आदेश में कहा गया है कि सार्वजनिक स्थानों, कार्यालयों व बाजार में हर व्यक्ति को मास्क व फेस कवर का उपयोग करना अनिवार्य है। कार्यालयों व कारखानों में भी मास्क लगाना अनिवार्य है। सार्वजनिक स्थलों पर थूकना प्रतिबंधित है।
होम क्वारेंटाइन में रहने वाले मरीजों को होम क्वारेंटाइन संबंधित सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य है और व्यावसायिक संस्थाओं में सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन भी अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में सभी जिलों में प्रचार-प्रसार और इसके पालन के लिए आदेश दिया गया है।