ताजा खबर

ईनामी समेत चार नक्सलियों का समर्पण
06-Apr-2021 9:25 PM
 ईनामी समेत  चार नक्सलियों का  समर्पण

दंतेवाड़ा, 6 अप्रैल। दंतेवाड़ा में पुलिस की विशेष पहल घर वापस आइए अभियान के तहत नक्सलियों के आत्मसमर्पण का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव के समक्ष चार नक्सलियों ने मंगलवार को आत्मसमर्पण किया। इनमें एक जन मिलिशिया कमांडर भी शामिल था।

राज्य शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर एवं नक्सली संगठन की शोषक कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर मिचवार पंचायत जन मिलिशिया कमांडर देव सिंह उर्फ भीमा पोडिय़ामी, उम्र 35 वर्ष निवासी जिला सुकमा थाना गादीरास अंतर्गत ग्राम गरीपाल ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष घर वापसी की। भीमा ने भरमार बंदूक सहित आत्मसमर्पण किया। भीमा विभिन्न नक्सली वारदातों में शामिल था। इनमें सडक़  को काटना मुख्य था। वहीं नक्सली विचारधारा के प्रचार प्रसार में भी शामिल था। राज्य शासन द्वारा जन मिलिशिया कमांडर की गिरफ्तारी पर 1 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। इसके साथ ही दो जन मिलिशिया सदस्य एवं एक चेतना नाट्य मंडली सदस्य ने भी आत्मसमर्पण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यू उदय किरण एवं राजेंद्र जायसवाल भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट