ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 5 अप्रैल। शनिवार को बीजापुर में नक्सल हमले में शहीद हुए जवानों में गरियाबंद जिले के मोहंदा निवासी सुखसिंह फरस भी शामिल हंै।
गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के मोहंदा निवासी सुखसिंह फरस एसटीएफ के जवान थे। इनकी भर्ती 2016 में हुई थी और बस्तर इलाके में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शनिवार को हुए नक्सली हमले में सुखसिंह शहीद हो गए। पिता फागुराम की 6 संतानों में सुखसिंह चौथे नंबर के बेटे थे। सुखसिंह का एक साल का बेटा भी है।
सुखसिंह के शहीद होने की जानकारी से गांव शोक में डूबा है। कल गरियाबंद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर अपनी टीम के साथ तत्काल उनके गृहग्राम मोहंदी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने गांव में उस स्थान का भी जायजा लिया, जहां शहीद सुखसिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ज्ञात हो कि आज सुबह बीजापुर में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों को पहले जगदलपुर में श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शहीद जवानों को उनके गृह ग्राम के लिए ससम्मान भेजा गया।


