ताजा खबर

राजेश तिवारी कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, प्रियंका के साथ अटैच
27-Mar-2021 3:53 PM
राजेश तिवारी कांग्रेस के राष्ट्रीय  सचिव, प्रियंका के साथ अटैच

  असम के बाद छत्तीसगढ़ के नेताओं का अगला पड़ाव यूपी  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संसदीय सलाहकार राजेश तिवारी को कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उन्हें उत्तरप्रदेश  में पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी के साथ अटैच किया गया है।  माना जा रहा है कि असम चुनाव निपटने के बाद छत्तीसगढ़ के कांगे्रस नेताओं का अगला पड़ाव उत्तरप्रदेश होगा। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर राजेश तिवारी को बधाई दी है, और कहा कि संगठन के प्रति आपकी निष्ठा आपको इस दायित्व का हकदार बनाती है। राजेश तिवारी ने नियुक्ति के लिए कांग्रेस हाईकमान और मुख्यमंत्री श्री बघेल के प्रति आभार प्रकट किया है।

उत्तरप्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में तीन राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की गई है इनमें राजेश तिवारी के साथ-साथ तौफिक आलम और प्रदीप नरवाल हैं।

राजेश तिवारी मुख्यमंत्री श्री बघेल के संसदीय सलाहकार हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रमुख थे। उन्होंने बूथ कमेटियों को मजबूत करने की दिशा में काफी काम किया था। पार्टी हाईकमान ने असम चुनाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी है। संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, असम के प्रभारी सचिव हैं। असम चुनाव में प्रदेश के नेताओं ने काफी मेहनत की है, अभी भी करीब 6 सौ से अधिक पार्टी नेता वहां रहकर प्रचार में जुटे हुए हैं। 

असम चुनाव निपटने के बाद यहां के नेताओं को उत्तरप्रदेश में संगठन के काम में लगाया जा सकता है। राजेश तिवारी की राष्ट्रीय सचिव के रूप में नियुक्ति के साथ ही राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी के साथ उत्तर प्रदेश में अटैच किए जाने को इसी रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने राजेश तिवारी की नियुक्ति पर खुशी जताई है।  


अन्य पोस्ट