ताजा खबर

मास्क जांच, महिला टीम से विवाद-हाथापाई
27-Mar-2021 1:29 PM
मास्क जांच, महिला टीम से विवाद-हाथापाई

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च।
राजधानी रायपुर में कोरोना खतरा बढऩे के साथ ही मास्क जांच के दौरान भाठागांव चौक पर विवाद हो गया। कुछ युवकों ने यहां जांच में लगी महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए बदसलूकी-हाथापाई की। हालांकि आसपास के लोगों की समझाईश के बाद मामला शांत करा लिया गया। 
कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए निगम की महिला टीम यहां के अलग-अलग चौक-चौराहों पर सुबह से शाम मास्क जांच में लगी हैं। इस दौरान उनकी  बिना मास्क पहले लोगों से बहस आम बात हो गई है। जानकारी के मुताबिक निगम की एक टीम आज भाठागांव चौक पर तैनात रहीं। इस दौरान टीम ने बिना मास्क पहने कुछ युवकों को रोककर उनसे जुर्माना वसूलने का प्रयास किया, तो ये युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए बदसलूकी-हाथापाई पर उतर आए।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों के बीच चौराहे पर विवाद और हाथापाई को देखते हुए आसपास लोग यहां पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाते हुए शांत कराया, तब कहीं जाकर विवाद खत्म हुआ। महिला टीम का कहना है कि वे सभी प्रशासन सुरक्षा की मांग कर रही हैं, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा न मिलने से यह स्थिति सामने आ रही है। वे सभी इसकी शिकायत जल्द ही पुलिस में दर्ज कराएंगी। 


अन्य पोस्ट