ताजा खबर
अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस समारोह में करेंगे शिरकत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मार्च। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल शनिवार को राजनांदगांव जिले में घंटेभर शासकीय प्रवास पर रहेंगे। राजनांदगांव विकासखंड के जोगीदल्ली में आयोजित लोधी समाज के एक कार्यक्रम में भाग लेने के फौरन बाद मुख्यमंत्री बलौदाबाजार के गिरौदपुरी के लिए रवाना हो जाएंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा मुख्यमंत्री बघेल दोपहर 12.30 बजे जोगी दल्ली में आयोजित वीरांगना अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस समारोह में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बघेल के अलावा कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के घंटेभर के कार्यक्रम के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने हेलीपेड एवं सुरक्षागत विषयों पर समीक्षा की है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री लोधी समाज के कार्यक्रम के दौरान कुछ और सामाजिक प्रतिनिधि मंडल से भी मुलाकात कर सकते हैं। कांग्रेसी नेताओं से भी मुख्यमंत्री के मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर पुलिस बंदोबस्त भी पुख्ता की जा रही है। मुख्यमंत्री का तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1 बजे वापस लौट जाएंगे।


