ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 मार्च। दंतेवाड़ा में बुधवार को पुलिस अधीक्षक के समक्ष दो ईनामी नक्सली गंगालूर एलओएस डिप्टी कमांडर और डॉक्टर टीम प्रभारी ने आत्मसमर्पण किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने मीडिया को बताया कि नक्सलियों की खोखली विचारधारा से तंग आकर और शासन की पुनर्वास योजना से प्रभावित होकर दो ईनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें गंगालूर एलओएस डिप्टी कमांडर सुखनाथ पोटाम, (30) प्रमुख है। सुखनाथ बीजापुर जिला अंतर्गत गंगालूर थाने के कोरचोली गांव का निवासी है। सुखनाथ वर्ष 2008 में दो बार पुलिस दल पर फायरिंग की घटना में शामिल था। उक्त घटनाओं में पुलिस के 4 जवान शहीद व एक जवान घायल हुआ था। शासन द्वारा उक्त नक्सली पर 3 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस की विशेष पहल घर वापस आइए अभियान के अंतर्गत गंगालूर एरिया डॉक्टर टीम प्रभारी ने भी आत्मसमर्पण किया। लक्ष्मण भोगाम (22) निवासी जिला बीजापुर अंतर्गत थाना गंगालूर ग्राम पालनार का निवासी है। उक्त नक्सली विगत कई वर्षों से नक्सली संगठन में सक्रिय था। लक्ष्मण पुलिस पर हमला करने और ग्रामीणों की धन संपत्ति लूटने में शामिल था। राज्य शासन द्वारा लक्ष्मण की गिरफ्तारी पर 2 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक ने दोनों समर्पित नक्सलियों को 10 हजार रूपये प्रत्येक हेतु प्रोत्साहन राशि प्रदान की।


