ताजा खबर

छत्तीसगढ़ का 14 लाख का ईनामी नक्सली बालाघाट में गिरफ्तार
11-Mar-2021 12:22 PM
छत्तीसगढ़ का 14 लाख का ईनामी नक्सली बालाघाट में गिरफ्तार

   दर्रेकसा दलम में रहा सक्रिय  
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च।
नक्सल मोर्चे में बालाघाट पुलिस को सिलसिलेवार सफलताएं मिल रही है। कुछ दिन पहले पुलिस ने एक हार्डकोर नक्सली को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह अपने नक्सल दल से बिछड़ गया। मिली जानकारी के मुताबिक लांजी अनुभाग के अंदरूनी इलाके में दर्रेकसा दलम के श्यामलाल नामक हार्डकोर नक्सली को बालाघाट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। करीब 60 साल के इस नक्सली पर 14 लाख रुपए का इनाम है। वह मूलत: छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर का रहने वाला है। 

सूत्रों का कहना है कि श्यामलाल नक्सलियों के साथ कुछ दिन पहले एक गांव से होकर गुजर रहा था। उसी दौरान पुलिस के पहुंचने की खबर से नक्सली इधर-उधर भागने लग गए। इस आपाधापी में श्यामलाल अपने साथियों से अलग हो गया। करीब 6 दिन तक वह जंगल में भटकता रहा।
बताया जा रहा है कि उम्रदराज होने की वजह से उसका दिमागी संतुलन भी बिगड़ गया है। इसी के कारण वह जंगल में ही भटकता रहा। पुलिस ने एक नक्सली के भटकने की खबर के बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया है। बालाघाट एडीजी केपी व्यकेंटेश्वर राव के नेतृत्व में लगातार पुलिस को उल्लेखनीय सफलताएं मिल रही है। 

बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान इस हार्डकोर नक्सली ने कई चौकाने वाले तथ्यों का खुलासा किया है। नक्सलियों की रणनीति को लेकर पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि नक्सली संगठन एमएमसी जोन में अपनी ताकत में विस्तार करने की पूरजोर कोशिश कर रहा है। एमएमसी जोन को लाल गलियारा बनाने के लिए नक्सलियों की कोशिशें सांगठनिक स्तर पर चल रही है। 

बताया जा रहा है कि दर्रेकसा दलम में रहते हुए उक्त नक्सली ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। पिछले दो साल के भीतर बालाघाट रेंज में 7 नक्सली जहां पुलिस के हाथों मारे गए हैं। वहीं हार्डकोर नक्सली बादल के बाद श्यामलाल की दूसरी गिरफ्तारी पुलिस ने की है। 


अन्य पोस्ट