ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 मार्च। रायगढ़ जिला कांग्रेस के सचिव महेन्द्र यादव ने पारिवारिक कलह के चलते खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। आत्महत्या का कारण पारिवारिक झगड़ा बताया जा रहा है।
महेंद्र यादव ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में अपने गृहग्राम में खुद को गोली मार ली। मृतक की आयु 30 साल के आस-पास बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता महेन्द्र यादव पिछले कुछ समय से पारिवारिक कलह के कारण काफी परेशान थे और इस दौरान उन्होंने अपने मित्रों से इस बात का जिक्र भी किया था। माना जा रहा है कि इसी तनाव के कारण महेन्द्र ने मौत को गले लगाने का आत्मघाती निर्णय ले लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक सहित वरिष्ठ कांग्रेसियों ने उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया में दिवंगत कांग्रेस नेता को श्रद्धांजलि देने का क्रम जारी है।


