ताजा खबर
9 एमएम की पिस्टल बरामद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दंतेवाड़ा/किरंदुल, 13 जनवरी। आज तडक़े जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र के चिकपाल और मारजूम के जंगलों में जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें जवानों ने 5 लाख के एक ईनामी नक्सली को मार गिराया है। जवानों ने मौके से नक्सली के शव के साथ एक 9 एमएम की पिस्टल भी बरामद की है।
दंतेवाड़ा एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि चिकपाल और मारजूम के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद डीआरजी और सीएएफ के जवानों को रवाना किया गया था। यहां से जवानों ने उनको नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए पांच-पांच किलो के 3 बम बरामद किए थे। इसके साथ ही जवानों ने कई मीटर लंबा बिजली का तार भी बरामद किया था। नक्सलियों का सामान बरामद करने के बाद जवान लगातार क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी बीच आज सुबह तडक़े करीब 6.30 बजे घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर हमला करते हुए फायरिंग करना शुरू कर दिया। हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
इस मुठभेड़ में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। जिसके बाद जवानों ने मौके पर से मारे गए नक्सली का शव बरामद किया। शव के पास से ही जवानों ने एक 9 एमएम की पिस्टल भी बरामद की है। मारे गए नक्सली की शिनाख्त कटेकल्याण कमिटी के सदस्य हिड़मा मुचाकी के रूप में की गई है। जिसके ऊपर पांच रुपये का ईनाम घोषित था। एसपी ने बताया कि अभी इस मामले में और भी जानकारी सामने आना बाकी है।


