ताजा खबर
पणजी, 17 दिसंबर | गोवा के दौरे पर जाने वाले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए रात्रिभोज नहीं होगा। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गुरुवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर, शनिवार को गोवा की आधिकारिक यात्रा पर आने वाले राष्ट्रपति कोविंद के लिए प्रथागत (व्यावहारिक) राज्य रात्रिभोज रद्द कर दिया गया है। पणजी में अपने आधिकारिक निवास पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सावंत ने यह बात कही।
गोवा के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के इतिहास पर आधारित कई शताब्दियों को संजोए एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) राष्ट्रपति कोविंद के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। कोविंद गोवा की मुक्ति की 60वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित होने वाले उत्सव के लिए शनिवार को गोवा आने वाले हैं। गोवा को पुर्तगाली शासन से मुक्ति के 60 वर्ष पूरे होने की खुशी में यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है।
सावंत ने कहा, "महामारी के कारण कोई रात्रिभोज नहीं होगा।"
कोविंद शनिवार दोपहर को गोवा पहुंच जाएंगे। वह पणजी में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसमें गोवा के इतिहास पर एक वृत्तचित्र की स्क्रीनिंग भी शामिल होगी।
सावंत ने बताया कि गोवा के इतिहास पर 10 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी, जिसमें मौर्य युग, कदंब युग और पुर्तगाली युग को दशार्या जाएगा। मौर्य वंश ने 200 ईसा पूर्व के आसपास गोवा पर अपना कब्जा जमाया था, जबकि गोवा में कदंब शासनकाल 1000 से 1330 ईस्वी तक फैला था।
कोविड-19 प्रोटोकॉल के कारण लगभग 400 लोगों को इस कार्यक्रम में उपस्थित होने की अनुमति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारत के राष्ट्रपति अपनी यात्रा के दौरान तीन व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे और वह 20 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी के लिए वापस निकल जाएंगे।
--आईएएनएस


