ताजा खबर

प्रियंका की भूपेश से चर्चा, छत्तीसगढ़ मॉडल पर लड़ेगी कांग्रेस यूपी चुनाव
04-Dec-2020 4:42 PM
प्रियंका की भूपेश से चर्चा, छत्तीसगढ़ मॉडल पर लड़ेगी कांग्रेस यूपी चुनाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 दिसंबर।
उत्तरप्रदेश में कांग्रेस छत्तीसगढ़ मॉडल पर चुनाव लडऩे जा रही है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की गुरूवार को दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी के साथ लंबी मंत्रणा हुई है। कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के अनुभवी पार्टी नेताओं को उत्तरप्रदेश भेजा जा सकता है, और उन्हें प्रशिक्षण आदि की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। 

मुख्यमंत्री श्री बघेल की दिल्ली में प्रियंका गांधी के साथ उनके निवास पर करीब 4 घंटे बैठक हुई। इस बैठक में खनिज निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन भी मौजूद थे। सूत्र बताते हैं कि बैठक में संगठन  को मजबूत बनाने के लिए बकायदा प्रेजेंटेशन भी दिया गया। उत्तरप्रदेश में वर्ष-2022 में विधानसभा के चुनाव हैं। प्रियंका गांधी सीधे उत्तरप्रदेश के संगठन को देख रही हैं, और वहां संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्लानिंग भी कर रही हैं। 

बताया गया कि मुख्यमंत्री ने उत्तरप्रदेश में भी छत्तीसगढ़ की तरह कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, बूथ कमेटियां बनाने और संकल्प शिविर लगाने का सुझाव दिया। बताते हैं कि श्री बघेल ने उन्हें यूपी में लोकसभा चुनाव के दौरान प्रचार को लेकर अपने अनुभव भी  बताए हैं। प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ के संगठन के कामकाज की सराहना की है, और उत्तरप्रदेश में भी कुछ इसी तरह गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर सहमत हुई है। 

सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री श्री बघेल 8 तारीख को पार्टी नेताओं के साथ बैठक में प्रियंका गांधी के साथ बैठक के मुद्दे साझा कर सकते हैं। कुछ अनुभवी नेताओं को उत्तरप्रदेश भी भेजा सकता है। इसमें करूणा शुक्ला और कुछ अन्य नेता हैं। दूसरी तरफ, पार्टी के कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि श्री बघेल ने प्रदेश में सरकार और संगठन के कामकाज की जानकारी दी है। उन्होंने चुनाव घोषणा पत्र के वादों के क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दी है।
 
मोहन मरकाम दिल्ली गए...
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम दिल्ली गए हैं। उन्होंने संगठन में फेरबदल को लेकर तैयार की गई सूची पर हाईकमान का अनुमोदन लेंगे। ब्लॉक अध्यक्षों से लेकर जिला कार्यकारिणी और प्रदेश संगठन में फेरबदल को लेकर सहमति बनी है। हाईकमान के अनुमोदन के बाद सूची जारी की जाएगी। 


अन्य पोस्ट